AC Blast: हिमाचल प्रदेश में भी भारी गर्मी, ऊना में ऑन करते ही घर में बम की तरह फटा AC, लगी आग, मची अफरा तफरी
News 18 Hindi
Image: News 18 Hindi
ऊना. हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में भारी गर्मी पड़ रही है. प्रदेश का सबसे गर्म इलाका ऊना है. बुधवार को यहां पर एक घर का एसी ब्लास्ट हो गया. हालाकि, घटना में किसी को चोट नहीं लगी. लेकिन आग लग गई और घर और आसपास धुआं ही धुंआ फैल गया. बाद में दमकल विभाग की गाड़ी मौके प पहुंची और आग पर काबू पाया. जानकारी के अनुसार, ऊना शहर के वार्ड-दो में बुधवार शाम एक मकान की ऊपरी मंजिल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि कमरे में एसी ऑन करते ही बम की तरह जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी और पूरे कमरे में धुआं फैल गया.घटना डॉ. अनिल ठाकुर के मकान में हुई. आग लगते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. साथ ही दमकल विभाग ऊना को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग की घटना में कमरे में रखा सामान जलकर राख हो गया. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब एक लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ. सूचना मिलने पर ऊना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है तथा मामले की जांच जारी है. ऊना में पारा रिकॉड तोड़ रहा हिमाचल में ऊना में सबसे अधिक तापमान है और यहां पर बुधवार को 44 डिग्री सेल्सियस अधिकतम पारा रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री ज्यादा रहा. इसके बाद सुंदरनगर में 39.2 डिग्री, कांगड़ा में 39 डिग्री, मंडी और नाहन में 38.3 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. राजधानी शिमला में भी पारा 30.5 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक है.
मूल लेख पढ़ें
पूरी कहानी के लिए मूल स्रोत पर जाएं।




