Chamba News: स्कूली बच्चों के दादा-दादी किए सम्मानित
Amar Ujala
Image: Amar Ujala
तेलका (चंबा)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला मौड़ा में अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दादा-दादी सम्मान समारोह रहा। हर परिवार का आधार बच्चों को मिले दादा-दादी का प्यार इस विषय के तहत आयोजित कार्यक्रम में स्कूल में पढ़ने वाले सभी बच्चों के दादा-दादी विशेष रूप से आमंत्रित किए गए। सर्वप्रथम सभी दादा-दादियों का बच्चों की ओर से हार और बैज डलवाकर स्वागत किया गया। समारोह की अध्यक्षता बच्चों के वयोवृद्ध दादा-दादी नाम सिंह, नारो देवी और दिलावर मोहम्मद की ओर से की गई। कार्यक्रम में बच्चों ने अपने दादा-दादी के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। बच्चों ने नृत्य, गीत, कविता, भाषण और कहानियां सुनाईं। बच्चों की प्रस्तुतियों को सभी ने खूब सराहा और उनका आनंद लिया। दादा-दादियों के लिए भी इस अवसर पर विशेष प्रतियोगी गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें चेयर रेस, बैलून रेस व कैच द बॉल जैसी गतिविधियां प्रमुख रहीं। चेयर रेस में देवली देवी, बैलून रेस में जगदीश सिंह प्रथम स्थान पर रहे। कार्यक्रम में प्रतिभागिता करने वाले एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी दादा-दादियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन कनिष्ठ अध्यापक परवीन कुमार ने किया। स्कूल प्रभारी एवं राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त शिक्षक युद्धवीर टंडन ने बताया कि बच्चों के बहुमुखी विकास को ध्यान में रखते हुए इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन समय-समय पर किया जाता रहेगा।
मूल लेख पढ़ें
पूरी कहानी के लिए मूल स्रोत पर जाएं।




