Extension Board: एक एक्सटेंशन बोर्ड में लगा सकते हैं कितने प्लग? लोड बढ़ा तो घर हो सकता है राख, जानें सरकारी सलाह
Nbt NavbharattimesImage: Nbt Navbharattimes
How To Calculate Extension Board Watt Capacity: एक्सटेंशन बोर्ड का इस्तेमाल घर-घर में होता है लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि अगर एक्सटेंशन बोर्ड पर जरूरत से ज्यादा लोड डाल दिया जाए, तो शॉर्ट सर्किट होने के साथ-साथ आग लगने का भी खतरा बना रहता है। यही वजह है कि यूपी पावर कारपोरेशन की ओर से X पर पोस्ट कर ज्यादा प्लग एक्सटेंशन बोर्ड में न लगाने की सलाह दी है। ऐसे में सवाल उठता है कि एक्सटेंशन बोर्ड में कितने प्लग लगाना सुरक्षित रहता है?किसी भी एक्सटेंशन बोर्ड में कम से कम तीन से चार प्लग लगाने की जगह होती है। हालांकि, सुरक्षा के लिए इस बात पर गौर करने की जरूरत नहीं है कि बोर्ड में कितने प्लग लगे हैं बल्कि सारा खेल इस बात का है कि बोर्ड पर कितना लोड डाला जा रहा है। एक्सटेंशन बोर्ड इस्तेमाल करते हुए उसकी कुल एम्पियर क्षमता और उपकरणों के वाट का ध्यान रखना जरूरी होता है।आसान शब्दों में कहें तो, आप कम बिजली खाने वाले 4 उपकरण तो एक साथ लगा सकते हैं, लेकिन भारी लोड वाला सिर्फ एक ही उपकरण पूरे बोर्ड को फूंकने के लिए काफी होता है। ऐसे में ध्यान लोड पर होना चाहिए, कितने प्लग लगे हैं उस पर नहीं।अप्लायंस की संख्या नहीं लोड पर ध्यान दें किसी भी एक्सटेंशन बोर्ड को खरीदते समय इस बात पर गौर किया जाना चाहिए कि वह कितना लोड या कहें कि वाट झेल सकता है। घरों में इस्तेमाल होने वाले सामान्य एक्सटेंशन बोर्ड अधिकतम 1000W से 1500W तक का भार संभाल सकते हैं। ऐसे में अगर आप बोर्ड पर मोबाइल चार्जर, लैपटॉप या टीवी जैसे कम बिजली खाने वाले 4 उपकरण भी एक साथ प्लग कर दें, तो कुल लोड मुश्किल से 200W-300W होगा। इतने लोड को कोई भी बोर्ड आराम से झेल सकता है।वहीं जरूरत से ज्यादा लोड डालने पर एक्सटेंशन बोर्ड जल सकता है या फिर घर में शॉर्ट सर्किट या आग तक लग सकती है।हैवी अप्लायंस दूर रखें एक्सटेंशन बोर्ड से हैवी अप्लायंस दूर रखने चाहिए। उदारहरण के लिए एक इलेक्ट्रिक केतली का लोड 1500W, गीजर 2000W तक लोड खींचता है। इसी तरह रूम हीटर वाशिंग मशीन, फ्रिज, माइक्रोवेव और प्रेस भी ज्यादा बिजली खींचते हैं।अगर किसी एक्सटेंशन बोर्ड में इस तरह के एक उपकरण को भी प्लग कर दिया जाए, तो वह उस बोर्ड की तय सीमा को पार कर जाता है। इसका नतीजा यह होता है कि तार तुरंत गर्म हो जाते हैं, जिससे इंसुलेशन जल जाता है और भयंकर शॉर्ट सर्किट या आग लगने का खतरा पैदा हो जाता है।UPPCL की सलाह ऐसे करें एक्सटेंशन बोर्ड का इस्तेमाल एक्सटेंशन बोर्ड इस्तेमाल करने से पहले बोर्ड के पीछे या उसके बॉक्स पर लिखी रेटिंग को जरूर पढ़ें। आमतौर पर ये बोर्ड 6 एम्पियर (6A) के होते हैं। गौर करने वाली बात है कि वोल्ट और एम्पियर को गुणा करने पर कुल वाट क्षमता निकलती है। भारत में 220V की सप्लाई होती है, यानी 6A का बोर्ड करीब 1320 वाट तक का ही लोड ले सकता है। जब आप इस क्षमता से वाकिफ होते हैं, तो आप खुद समझ जाएंगे कि किस उपकरण को साथ में प्लग करना है और किसे नहीं। सरकारी सलाह भी यही कहती है कि सतर्क रहें, उपकरणों के वाट को जोड़ें और बोर्ड को उसकी लिमिट से आधा ही लोड दें।
मूल लेख पढ़ें
पूरी कहानी के लिए मूल स्रोत पर जाएं।




